मैनकिन पर एंडोस्कोपी का किया अभ्यास
हैंड-ऑन बेसिक एंडोस्कोपी कार्यशाला का आयोजन
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सहायक कर्मचारियों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर में सामान्य सर्जरी विभाग की ओर से विशेष सिमुलेशन आधारित हैंड-ऑन बेसिक एंडोस्कोपी कोर्स का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला न केवल ज्ञानवर्धन का केंद्र बनी, बल्कि संस्थान की उपलब्धियों के जश्न का माध्यम भी रही।
संस्थान के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) दलजीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित कोर्स में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश वर्मा और डीन अकादमिक डॉ. रूपाली पार्लेवार ने विशेष रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन फैकल्टी समन्वयक डॉ. मोहिम ठाकुर ने विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश वर्मा के मार्गदर्शन में किया।
कार्यशाला में रेजिडेंट डॉक्टरों और फैकल्टी सदस्यों ने इंसानी शरीर जैसे दिखने वाले मैनकिन पर एंडोस्कोपी करने का अभ्यास किया। विशेषज्ञों ने एंडोस्कोपी के सिद्धांतों पर व्याख्यान भी दिए। इस दौरान एंडोस्कोप की सफाई और कीटाणुशोधन की प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया गया, जो सर्जरी में संक्रमण रोकने के लिए अत्यंत आवश्यक मानी जाती हैं। इस कोर्स से संस्थान के भीतर एंडोस्कोपी सेवाओं के दायरे को और अधिक बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान विभाग ने अपनी प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। विभाग ने बताया कि संस्थान में अब तक 672 एंडोस्कोपी प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी हैं। इस उपलब्धि में योगदान देने वाले सपोर्ट स्टाफ की भूमिका की भी सराहना की गई। उत्कृष्ट और समर्पित सेवाओं के लिए सहायक कर्मचारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश वर्मा ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से न केवल डॉक्टरों का आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि मरीजों को भी उच्च स्तरीय और सुरक्षित उपचार उपलब्ध करवाने में सहायता मिलती है। अंत में प्रतिभागियों ने कहा कि सिमुलेशन ट्रेनिंग से उन्हें वास्तविक ऑपरेशन के दौरान आने वाली चुनौतियों को समझने में काफी मदद मिलेगी।