जिले में चौथे दिन भी चिकित्सकों की पेन डाउन हड़ताल जारी
-12 बजे के बाद ही ओपीडी में पहुंच रहे चिकित्सक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। मांगों को लेकर शुक्रवार को भी जिले के अस्पतालों में चिकित्सा अधिकारी 9:30 से 12:00 बजे तक हड़ताल पर रहे। 12 बजे तक मरीज ओपीडी के बाहर चिकित्सकों की राह देखते रहे। इस दौरान आपातकालीन और ओटी की सुविधाएं सुचारू रूप से चलती रहीं। चिकित्सकों की हड़ताल से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार चौथे दिन भी हड़ताल से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। आईपीडी में राउंड पर भी चिकित्सक 12 बजे के बाद ही पहुंचे। एक ओर जहां सरकार चिकित्सकों की हड़ताल को गंभीर नहीं ले रही है, वहीं दूसरी ओर चिकित्सक भी मांगों को लेकर अड़ चुके हैं। चिकित्सकों का कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होती हैं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। लंबे समय से चिकित्सक अपनी मांगों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इससे पहले भी चिकित्सक पेन डाउन हड़ताल और काले बिल्ले लगाकर काम कर चुके हैं। हालांकि उनकी मांगें पूरी नहीं हुई हैं। चिकित्सकों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं। अब इस हड़ताल का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सुबह-सुबह लोग पर्ची काउंटर के बाहर लंबी कतारों में लग जाते हैं। इसके बाद उन्हें चिकित्सक के लिए 12 बजे तक का इंतजार करना पड़ता है।