बिलासपुर के क्षेत्रीय अस्पताल में सीढ़ियों पर बैठकर डॉक्टर का इंतजार करते परेशान मरीज। संवाद
12 बजे तक ओपीडी के बाहर कम दिखे मरीज
आपातकालीन और ओटी की सेवा रही सुचारू
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। मांगों को लेकर सरकारी अस्पतालों में चिकित्सा अधिकारी 9:30 से 12:00 बजे तक हड़ताल पर रहे। लगातार दूसरे दिन हड़ताल से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान आपातकालीन और ओटी की सुविधाएं सुचारू रूप से चलती रहीं।
लंबे समय से चिकित्सक मांगों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इससे पहले भी चिकित्सक पेन डाउन स्ट्राइक और काले बिल्ले लगाकर काम कर चुके हैं। अब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुई हैं। चिकित्सकों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं। चिकित्सकों की मांग और सरकार के रवैये के कारण इलाज के लिए लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। चिकित्सकों का कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। सरकार ने इस बात को गंभीर नहीं लिया तो 5 मार्च को चिकित्सक सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे।
एक तरफ जहां लंबी लाइनों में लगकर लोग पर्ची बनाते हैं, वहीं ओपीडी में जांच के लिए भी उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। बुधवार को लोगों को जानकारी थी कि चिकित्सक 12 बजे के बाद ही ओपीडी में आएंगे। इस कारण लोग भी पर्ची बनाने के बाद 12 बजे के करीब ही पहुंचे। मरीज बाहर बैठ कर चिकित्सकों की राह देखते रहे। हालांकि कुछ मरीज पर्ची बनाने के बाद ही ओपीडी के बाहर बैठे रहे।