-डेढ़ माह पहले इंद्रा वार्ड के एक खेत में मिला था नवजात बच्ची का शव
-पुलिस कर रही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। घुमारवीं शहर के साथ लगते इंद्रा वार्ड के एक खेत में करीब डेढ़ माह पहले मिले नवजात बच्ची के शव के मामले में अब डीएनए से कई खुलासे होंगे। नवजात बच्ची के शव का डीएनए जांच के लिए जुंगा लैब में भेजा गया है। पुलिस नवजात का डीएनए अपने रिकार्ड में रखेगी। इसके बाद लोगों का डीएनए मिलान किया जाएगा।
पुलिस डीएनए के अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार भी कर रही है। डेढ़ माह का बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। बता दें कि 18 अगस्त को घुमारवीं के साथ लगते इंद्रा वार्ड में खेतों में एक नवजात बच्ची का शव पड़ा मिला था। इसके बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। शुरुआती दौर में पूरा प्रशासन इस मुद्दे को लेकर सख्त था, लेकिन पुलिस की जांच में अभी तक कोई सकारात्मक नतीजा नहीं मिला है। पुलिस की ओर से सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा चुके हैं। वहीं बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी जिले के जच्चा बच्चा कार्ड भी जांचे गए हैं। घुमारवीं में चल रहे अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच हुई। पुलिस का खुफिया तंत्र भी लगातार कार्य करता रहा फिर भी अभी तक एक भी सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। नवजात शव बच्ची का था जिस कारण सवाल यह भी उठता है कि क्या बेटी को न पाने की चाह में इस कृत्य को अंजाम दिया गया हो या फिर मामला कुछ और है। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल ने कहा कि बच्ची के शव का डीएनए लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कुछ अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। पुलिस लगातार इस मामले में जांच कर रही है।