संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश न्यायिक कर्मचारी कल्याण संघ की झंडूता इकाई की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता संघ के जिला उपाध्यक्ष हिम भूषण ने की।
बैठक में जिला न्यायपालिका के कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान जारी न करने पर सरकार के प्रति रोष प्रकट किया गया।
हिम भूषण ने बताया कि ज्वाइंट एक्शन कमेटी का गठन किया गया है और आगामी रणनीति भी तैयार कर ली गई है। जिला न्यायपालिका के कर्मचारियों के सब्र का बांध टूट चुका है और सभी कर्मचारी 21 सितंबर से काले बिल्ले लगाकर रोष प्रकट कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी 26 सितंबर से गेट मीटिंग में नारेबाजी और वर्क टू रूल के अंतर्गत कार्य करना शुरू कर देंगे। इसके अतिरिक्त 11 अक्तूबर से सभी जिला न्यायपालिका के कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर जाएंगे। इस अवसर पर संजीव कुमार, कृष्ण चंद्र, प्रवीण कुमार, राज कुमार, दीप कुमार, उमेश शर्मा सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।