-नगर परिषद घुमारवीं की बैठक में लिए गए कई अहम निर्णय
-पहलगाम आतंकी हमले के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं की एक साधारण बैठक अध्यक्ष रीता सहगल की अध्यक्षता में हुई, जिसमें सबसे पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। परिषद सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई।
इसके बाद बैठक में शहर में लगातार बढ़ रही लावारिस पशुओं और बंदरों की समस्या पर चिंता जताई गई। सदस्यों ने कहा कि इन पशुओं के कारण आमजन को आए दिन दुर्घटनाओं और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। निर्णय लिया गया कि नगर परिषद प्रशासन से आग्रह किया जाएगा कि वे जल्द से जल्द लावारिस पशुओं को पकड़कर पशुशालाओं में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। परिषद ने नशे के खिलाफ लिए गए पुराने निर्णय को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस विभाग को पत्र भेजने का निर्णय लिया। पत्र के माध्यम से नगर परिषद क्षेत्र में नशे, विशेषकर चिट्टे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी मांगी जाएगी। परिषद ऐसे व्यक्तियों को सरकारी सुविधाओं से वंचित करने की दिशा में कार्य करेगी, जिससे समाज को नशे के खतरे से बचाया जा सके। यह भी तय किया गया कि शहर में अब फ्लेक्स और साइन बोर्ड केवल नगर परिषद द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही लगाए जा सकेंगे। इन स्थानों में दकड़ी चौक, पट्टा, ओवरहेड फुट ब्रिज और सिल्ह शामिल हैं। बिना अनुमति किसी अन्य स्थान पर फ्लेक्स या बोर्ड लगाना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित होगा। इसके लिए पूर्व अनुमति लेना आवश्यक होगा। बैठक में उपाध्यक्ष श्याम शर्मा, पार्षद कपिल शर्मा, कार्यकारी अधिकारी खेमचंद वर्मा तथा अन्य पार्षद मौजूद रहे। सभी ने शहर की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने की बात की।