-खिल बंग्यारियां में मनाया बालिका दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। बाल विकास परियोजना अधिकारी झंडूता की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र खिल बंग्यारियां में राष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके महिलाओं को इस विषय पर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पंचायत समिति सदस्य रीना चंदेल ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की शुरुआत 22 जनवरी 2015 को पानीपत हरियाणा में हुई। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना से पूरे जीवन काल में शिशु लिंगानुपात में कमी को रोकने में मदद मिलती है। साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों का समाधान होता है। उन्होंने बताया कि इस योजना को तीन मंत्रालय कार्यान्वित कर रहे हैं। इसमें महिला और बाल विकास, स्वास्थ्य परिवार कल्याण और मानव संसाधन मंत्रालय शामिल हैं। वृत पर्यवेक्षक सुरेखा देवी ने बताया कि बेटे और बेटी में भेद को मिटाने पर ही समाज का उत्थान संभव है। आज बेटियां चिकित्सा, शिक्षा, खेल, विज्ञान अनुसंधान से लेकर हर क्षेत्र में मुकाम हासिल कर परिवार का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से भी बेटियों के उत्थान को लेकर विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। समाज में कुछ लोग बेटी के जन्म पर निराश होते हैं। इस निराशा की सोच को त्याग कर समाज को आगे बढ़ाना होगा। बेटी के जन्म पर खुशियां मनाएं। बेटियों को पढ़ाई से लेकर परिवार के हर क्षेत्र में समान अवसर प्रदान करें। इस अवसर पर छोटी बच्चियों ने केक भी काटा। इस मौके आंगनबाड़ी कार्यकर्ता निशा, मोनिका, सपना, अनुपमा, अंबिका और सुनीता सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।