भराड़ी(बिलासपुर)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला बिलासपुर की बैठक वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जिला प्रधान रमेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संघ से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक में पांचों शिक्षा खंडों के प्रधानों होशियार सिंह ठाकुर, अनिल शर्मा, बसंत ठाकुर, नरेश राणा, कश्मीर सिंह ठाकुर और जिला महासचिव सुनील शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान जोगिंदर लाल, मुख्य संरक्षक रणजीत सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष सुशील कुमार, सचिव नरेश शर्मा, महालेखाकार बलवीर ठाकुर, मुख्य सलाहकार अमरनाथ शर्मा, प्रेस सचिव सतपाल शर्मा उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एआई पीटीएफ के राष्ट्रीय पार्षद बांके बिहारी चंदेल, प्रदेश सचिव राकेश पटियाल, सह सचिव राम स्वरूप, प्रदेश उपप्रधान रमेश शर्मा, खूब सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला बिलासपुर के सभी प्राथमिक शिक्षक मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने अप्रैल माह के वेतन में से 1 दिन का वेतन कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही लड़ाई के लिए देंगे।
जिला बिलासपुर के करीब 1225 प्राथमिक शिक्षक अपना 1 दिन का वेतन सीधे खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे। साथ में संघ ने यह भी निर्णय लिया कि इस महामारी से लड़ने के लिए देश और प्रदेश सरकार को हर प्रकार से सहयोग प्रदान किया जाएगा। सरकारी पाठशाला में पढ़ने वाले बच्चों को ऑनलाइन व्हाटसऐप के माध्यम से पढ़ाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। जिन अभिभावकों के पास स्मार्ट फोन नहीं हैं। उन्हें भी किसी न किसी माध्यम से जोड़कर उनके बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। अभिभावकों से भी इस कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग देने की अपील की जाती है।