क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में होगी आसानी
1.9 करोड़ से तैयार हो रही 1.800 किलोमीटर सड़क
समोह और विजयपुर होते हुए ओहर फोरलेन तक पहुंच सकेंगे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं के गांव ढींगू, बल्ली और सुकड़ी के लिए लंबे समय से लंबित सड़क का निर्माण अब अंतिम चरण में है। करीब 1.9 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही 1.800 किलोमीटर लंबी सड़क को जल्द ही आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
इस संपर्क मार्ग से ढींगू, बल्ली, सुकड़ी, अमरपुर, सुन्हाणी समेत कई गांवों के हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। सड़क न होने के कारण मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना कठिन होता था। बच्चों को स्कूल भेजने में परेशानी होती थी। बुजुर्ग आवश्यक सेवाओं से वंचित रहते थे। अब यह सड़क पटवार कार्यालय, डिस्पेंसरी, स्कूल और मुख्य सड़क से सीधी पहुंच उपलब्ध कराएगा। इससे जनजीवन अधिक सुगम हो सकेगा।
इस सड़क के बनने से बल्ली, ढींगू सहित अन्य गांवों में एंबुलेंस, स्कूली वाहन और जरूरी सेवाएं सीधे पहुंच सकेंगी। साथ ही ग्रामीण अब समोह और विजयपुर होते हुए औहर फोरलेन तक सरलता से पहुंच सकेंगे। इससे पनौल और भगेड़ जैसे लंबे रास्तों की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय की बचत होगी और यात्रा भी अधिक सुरक्षित और आरामदायक होगी। खासकर चंडीगढ़, दिल्ली जैसे महानगरों की ओर जाने वाले लोगों को आसानी होगी।
लोक निर्माण विभाग घुमारवीं के सहायक अभियंता अनुज पराशर ने बताया कि सड़क का काम लगभग पूरा हो चुका है। इसे जल्द ही जनता के लिए समर्पित किया जाएगा। ग्रामीणों ने इस पहल पर सरकार और विभाग का आभार जताया है।