श्री नयना देवी जी में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु। संवाद
सुबह से लगी कतारें दिनभर गूंजते रहे माता के जयकारे, श्रद्धालुओं ने लंगर में ग्रहण किया प्रसाद
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में शनिवार को श्रद्धालुओं की खूब रौनक रही। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर शाम तक जारी रहा।
माता के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं को कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। कई श्रद्धालु परिवार सहित माता के दरबार में पहुंचे।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। दर्शन करने के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में चल रहे लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। लंगर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। लोगों ने लंगर व्यवस्था की सराहना की।
मंदिर अधिकारी चतर सिंह रनौत ने बताया कि शनिवार को करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने कहा कि शक्तिपीठ में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की।