रामनवमी के अवसर पर निहाल में आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण करते लोग। स्रोत: जागरूक पाठक
16वें विशाल भंडारे में दुर्गा माता मंदिर में उमड़े हजारों श्रद्धालु
देर रात तक चला भंडारा, श्रद्धालुओं ने चखा कहलूरी धाम
भजनों और माता की भेंटों से भक्तिमय रहा माहौल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। दुर्गा माता भंडारा समिति निहाल के तत्वावधान में रामनवमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। निहाल स्थित एचआरटीसी कॉलोनी के दुर्गा माता मंदिर प्रांगण में 16वें विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारा दोपहर करीब तीन बजे शुरू हुआ और देर रात तक चलता रहा।
भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों लोगों ने पारंपरिक कहलूरी धाम का स्वाद लिया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर मां के भजनों और भेंटों से गूंजता रहा और माहौल भक्तिमय बना रहा। समिति ध्यक्ष स्वदेश ठाकुर की अगुवाई में सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया। इस मौके पर हिंदू नववर्ष के स्वागत में विशेष कार्यक्रम भी हुआ, जिसमें झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल, सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल और पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने मंदिर में माथा टेका और प्रसाद ग्रहण किया। चेतना संस्था के सचिव हरीश नड्डा आदि मौजूद रहे। हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक सोहन सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। उन्होंने नववर्ष के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर क्षेत्रीय सह कार्यवाहक किस्मत कुमार, विभाग प्रचारक रोशन और जिला प्रचारक रूपेंद्र सहित संघ के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।