श्री नयनादेवी जी में दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालु। संवाद
बाबा नाहर सिंह मंदिर में लगाई बिलासपुरी धाम
समाजसेवी संस्थाओं ने लगाई ठंडे पानी की छबील
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर/श्री नयनादेवी जी। शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी और आराध्य देव बाबा नाहर सिंह मंदिर बिलासपुर में ज्येष्ठ मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंगलवार तड़के श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गए थे। शाम तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं।
श्री नयनादेवी जी में सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे। ज्येष्ठ मंगलवार के दिन स्थानीय लोगों के अलावा पंजाब के आनंदपुर साहिब, नंगल, रोपड़, चंडीगढ़ से लोग माता के दर्शनों के लिए मंदिर पहुंचे। ज्येष्ठ मंगलवार माता का प्रिय दिन माना जाता है। इस दिन माता का विशेष पूजन किया जाता है। श्रद्धालुओं ने दर्शन करने के साथ हवन पूजन भी किया।
बाबा नाहर सिंह मंदिर में ज्येष्ठ मंगलवार को भक्तों की भारी संख्या देखने को मिली। श्रद्धालुओं की कतार मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर तक पहुंच गई थी। बाबा नाहर सिंह मंदिर में भी प्रत्येक सप्ताह में मंगलवार के दिन भक्तों की भीड़ देखने को मिलती है। ज्येष्ठ मंगलवार का दिन हो तो दूर दराज से भी काफी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। कईं भक्त ढोल बाजों की धुनों पर नाचते गाते दिखाई दिए। मंदिर में बिलासपुरी धाम का भी लंगर लगाया गया था, जिसका श्रद्धालुओं ने खूब आनंद लिया। इस दौरान समाजसेवी संस्थाओं ने ठंडे पानी और फलों की छबील भी लगाई।
श्री नयनादेवी जी में दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालु। संवाद