- हर तरफ मां के जयकारों से गुंजायमान रहा नगर
- शाम 6 बजे तक 15 हजार श्रद्धालु पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयनादेवी जी(बिलासपुर)। नववर्ष की पूर्व संध्या पर रविवार को श्री नयनादेवी जी के दरबार में भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। नगर हर तरफ मां के जयकारे गुंजायमान रहा। यहां तक कि भाखड़ा-श्री नयनादेवी जी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
श्री नयनादेवी जी नगर में उत्सव जैसा माहौल लगातार बना हुआ है। श्रद्धालु माथे पर जय माता दी लिखी पट्टी बांधे और हाथों में झंडा लिए जयकारे लगाते भवन की ओर प्रस्थान करते रहे। नववर्ष की पूर्व संध्या पर यानी 2023 के आखिरी दिन रविवार को दिन भर मौसम साफ रहा। श्रद्धालुओं को कतारों में मां श्री नयनोदवी के दरबार में भेजा गया। प्रशासन ने श्री नयनादेवी जी में 1 जनवरी तक नववर्ष मेला घोषित किया है। जबकि श्रद्धालुओं के लिए लंगर लगाने की 10 संस्थाओं को मंजूरी दी है। 450 जवान व्यवस्था में तैनात किए गए हैं। मेले के दौरान मंदिर रात को 11:30 बजे से 1:30 बजे तक और दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक बंद रहेगा। उधर, मंदिर न्यास के अनुसार रविवार शाम 6 बजे तक करीब 15 हजार श्रद्धालु मां नयनादेवी के दर्शन कर चुके थे। वहीं, उम्मीद जताई जा रही है कि नववर्ष के पहले दिन करीब 50 हजार श्रद्धालु मां के चरणों में हाजिरी लगाएंगे।