-बोले, दो साल से बंद पड़ी है देहरा-कोट उठाऊ सिंचाई योजना
-योजना को शुरू करने की उठाई मांग, दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में विकासात्मक कार्यों पर ग्रहण लग गया है। जिला से एकमात्र कांग्रेसी विधायक पहले मंत्री बनने के लिए दौड़ लगाते रहे तथा मंत्री बनने के बाद इनके पास अपने विधानसभा क्षेत्र का विकास करवाने के लिए समय नहीं है। यह बात भाजपा किसान मोर्चा घुमारवीं के अध्यक्ष देश राज शर्मा ने कही।
प्रेस का जारी बयान में आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के 23 माह के अंदर क्षेत्र में एक भी विकास का नया काम शुरू नहीं हुआ। उल्टे पहले से चल रही योजनाओं का भी लाभ लोगों को मिलना बंद हो गया। उन्होंने कहा कि इसका उदाहरण घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के तहत देहरा-कोट उठाऊ सिंचाई योजना से लगाया जा सकता है। यह योजना पिछले दो साल से बंद पड़ी है। इस योजना से देहरा व दियारा के लोगों को सिंचाई की सुविधा मिल रही थी। इस योजना से 93 हेक्टेयर भूमि सिंचित हो रही थी। उन्होंने कहा कि घुमारवीं से मंत्री होने के बावजूद यह योजना दो साल से शुरू नहीं हो पा रही है। जब मंत्री की विधानसभा क्षेत्र का यह हाल है तो अन्य विधानसभा क्षेत्रों का अंदाजा सहजता से लगाया जा सकता है। पिछले कई महीनों से बारिश नहीं हुई है जिस कारण अधिकांश किसान फसल बुवाई से वंचित रह गए हैं। यदि संबंधित योजना सुचारू होती तो दोनों गांवों के लोग अपनी फसल को समय पर लगा सकते थे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस योजना को जल्द ठीक न करवाया गया तो किसान मोर्चा किसान हित में आंदोलन करने पर विवश होगा।