-राज्य कार्यकारिणी की बैठक में बनाई जाएगी आगामी रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला कैडर से राज्य कैडर किए जाने को लेकर उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी संघ बिलासपुर ने विरोध जताया है। कर्मचारियों का कहना है कि इससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इसे लेकर राज्य कार्यकारिणी की बैठक की जाएगी। इसमें आगामी रणनीति तय की जाएगी।
कर्मचारियों ने बताया कि उपायुक्त कार्यालय व अधीनस्थ कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों का कार्यक्षेत्र जिला कैडर से राज्य कैडर किया गया गया है। उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर और उसके अधीन समस्त उप मंडल अधिकारी कार्यालय, तहसील कार्यालय व उप-तहसील कार्यालय के कर्मचारी इसका विरोध करते हैं। इसके बारे में संघ की ओर से उपायुक्त के माध्यम से सरकार को इस अधिसूचना को जारी न करने के लिए अवगत कराया गया था। साथ ही अधिसूचना के बाद कर्मचारियों को आने वाली समस्याओं के बारे में सरकार को विस्तार पूर्वक बताया गया था, लेकिन परंतु सरकार ने उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों को आने वाली विभिन्न समस्याओं की ओर ध्यान न देते हुए मंगलवार को इस अधिसूचना को जारी कर कर्मचारियों की भावनाओं पर कुठाराघात किया गया है। कहा कि राज्य कैडर होने से कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची प्रभावित होगी साथ ही रोस्टर प्वाइंट में भी गड़बड़ी पैदा होगी। कर्मचारियों की समय पर पदोन्नती भी नहीं हो पाएगी, जिस कारण लिटिगेशन बड़ेगी। संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि इसके बारे में समस्त जिले के अध्यक्षों के साथ राज्य कार्यकारिणी की वर्चुअल बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें इस अधिसूचना के विरोध को लेकर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। इस मौके पर संघ के महासचिव संदीप ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश चंदेल, ईश्वर दत्त, कोषाध्यक्ष रवि कुमार, संयुक्त सचिव सलोचना देवी, प्रेस सचिव विवेक कुमार मौजूद रहे।