-दंत चिकित्सक संघ ने सभी जिलों में जिला दंत चिकित्सा अधिकारी नियुक्त करने की रखी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल दंत चिकित्सक संघ ने प्रदेश सरकार से अन्य विभागों की तरह दंत चिकित्सकों को पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही सभी जिलों में जिला दंत चिकित्सा अधिकारी नियुक्त करने की मांग की है।
बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में संघ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. कमलजीत और महासचिव डॉ. प्रशांत आचार्य ने कहा कि दंत चिकित्सक जिस पद पर नियुक्त होते हैं, उसी पद से सेवानिवृत्त हो जाते हैं। दंत चिकित्सकों को भी सभी की भांति पदोन्नति के अवसर मिलने चाहिए। नए दंत चिकित्सकों को 4-9-14 पे स्केल और एनपीए से वंचित रखा जा रहा है, सरकार को इसका लाभ उन्हें देना चाहिए। डॉ. प्रशांत ने कहा कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज में सीनियर रेजिडेंट दंत चिकित्सकों के पदों को बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि दंत विशेषज्ञों को भी पदोन्नति के उचित अवसर मिलें। इसके अलावा लंबे समय से प्रदेश भर में दंत सहायक के पद नहीं भरे गए हैं। इस कारण ओपीडी के कार्यों में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। सरकार से आग्रह है कि इन पदों को भी भरा जाए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि दंत चिकित्सक भी स्वास्थ्य विभाग में कार्यक्रम अधिकारी नियुक्त हो रहे हैं। उन्होंने हिमाचल चिकित्सा अधिकारी संघ से आग्रह किया कि इन नियुक्तियों का विरोध न करें। क्योंकि दंत चिकित्सा संघ ने भी हमेशा चिकित्सा संघ साथ दिया है। उनकी अधिकतर मांगे एक जैसी हैं और दोनों एक ही छत के नीचे काम करते हैं। इसलिए दोनों को मिलेकर कार्य करना चाहिए।