करलोटी में संयुक्त संघर्ष मोर्चा की बैठक संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। संयुक्त संघर्ष मोर्चा की बैठक मोर्चा के जिला प्रधान सीताराम कौंडल की अध्यक्षता में करलोटी में हुई। बैठक में मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश बौद्धिक प्रकोष्ठ प्रमुख विपन बंसल विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान संगठन की मांगों पर चर्चा की गई
प्रधान सीताराम कौंडल ने कहा कि वर्तमान में संविधान की अस्मिता पर खतरा मंडरा रहा है। जिस प्रकार सरकारें अपनी सुविधानुसार संशोधन कर रही हैं, उससे तय हो गया है कि आने वाला समय आरक्षित वर्ग के लिए सही नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकारें जहां आरक्षित वर्ग के हितों पर कुठाराघात कर रही हैं वहीं बैकलॉग जैसे मसलों को सरेआम नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी हाल में मुख्याध्यापक और प्रधानाचार्य के पदों पर हुई पदोन्नति को लेकर रोस्टर को पूरी तरह से दरकिनार किया गया, जिससे इस वर्ग में पदोन्नति की आस लगाए लोगों को मानसिक उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा। सीताराम कौंडल ने कहा कि अब पदोन्नति के लिए आरक्षित वर्ग से जुड़े प्रवक्ताओं ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने कहा कि रोस्टर की अनदेखी सोची समझी चाल का परिणाम है ताकि पात्र लोगों को उनके अधिकार से वंचित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि संयुक्त संघर्ष मोर्चा इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगा, इसके लिए कानूनी पक्ष तलाशे जा रहे हैं। वहीं जिला महामंत्री आचार्य नंद लाल ने बताया कि संयुक्त संघर्ष मोर्चा अपने संविधान बचाओ अभियान के तहत गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रहा है। बैठक में नशे को मिटाने के लिए शपथ में दिलाई गई। इस मौके पर कैप्टन ज्ञान चंद, दीनानाथ, बसंत राम, गोपाल सिंह, कुलवंत सिंह, मदन लाल, महेंद्र सिंह और अजय मौजूद रहे।