अस्पताल में विशेषज्ञों की तैनाती की है मुख्य मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता की ग्राम पंचायत बरठीं में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के वीरवार को प्रस्तावित दौरे को लेकर लोगों को काफी उम्मीदें हैं। लोगों ने मांग उठाई है कि 30 पंचायतों के केंद्रबिंदु बरठीं अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जाए।
ग्रामीणों ने बताया कि 1937 में बिलासपुर के राजा आनंद चंद ने इस अस्पताल का उद्घाटन किया था। उसके बाद 1952 में इसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा, जबकि 1987 में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा दिया गया। उसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समय इसे नागरिक चिकित्सालय का दर्जा दिया गया। वर्तमान समय में यहां पर 150-200 के करीब ओपीडी रहती है। पहले यहां पर प्रसव की सुविधा भी उपलब्ध थी, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सक न होने से बंद है। लोगों ने यहां पर विशेषज्ञ चिकित्सकों को तैनात करने की मांग उठाई है। इसके अलावा कृषि विज्ञान केंद्र बरठीं में एग्रीकल्चर कक्षाएं शुरू करने की मांग के साथ खाली पड़े बोर्डिंग स्कूल के भवन में संस्थान और उप तहसील खोलने की मांग की है।
स्थानीय लोगों नरेश सहोड़, सतीश कुमार, बंटी, संजीव कुमार, पंकज कुमार, मंजीत कुमार, मुकेश कुमार, अनिल कुमार, राकेश राणा आदि ने कहा कि पूरा विश्वास है कि कांग्रेस नेता विवेक कुमार उनकी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर पूरा करवाने की पूरी कोशिश करेंगे।