बोले, मांगों को लेकर आज करेंगे धरना-प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पेंशनर मांगों को लेकर प्रदेश सरकार को समय-समय पर अवगत करा रहे हैं, लेकिन सरकार पेंशनरों की अनदेखी कर रही है। यह बात संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक चेतराम वर्मा ने कही।
बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार की झूठी घोषणाओं से पेंशनर अब भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि 16 सितंबर को पेंशनरों ने सरकार को नोटिस दिया था कि मांगों को लेकर 17 अक्तूबर को प्रदेश भर के जिला मुख्यालयों पर धरना देंगे। हाल में मुख्यमंत्री ने तीन प्रतिशत डीए देने का एलान किया, लेकिन इसका भी कोई भरोसा नहीं है कि कब मिलेगा या नहीं मिलेगा। इससे पहले भी घोषणाएं हुई हैं, लेकिन वे पूरी नहीं हुई हैं। पेंशनर अपने हक की खातिर बार-बार सड़कों पर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को लक्ष्मीनारायण मंदिर में सभी पेंशनर एकत्रित होंगे। इसके बाद मेन मार्केट होते हुए शहीदी पार्क में धरना-प्रदर्शन करेंगे। धरना स्थल पर सभी 18 विभागों के संगठन रैली को संबोधित करेंगे। रैली के बाद उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारियों की ओर से मांग पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने सभी पेंशनरों से आग्रह किया कि अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं। इस मौके पर अमरनाथ धीमान और प्रेमलाल सहित अन्य पेंशनर मौजूद रहे।