श्री नयना देवी जी-भाखड़ा-नंगल सड़क खराब होने से लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। श्री नयना देवी जी-भाखड़ा-नंगल सड़क की मरम्मत के लिए स्थानीय लोगों ने विधायक रणधीर शर्मा की अगुवाई में बीबीएमबी के मुख्य अभियंता (सिंचाई) को ज्ञापन सौंपा। सड़क खराब होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में लोगों ने बताया गया कि श्री नयना देवी जी शक्तिपीठ पर आने वाले प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं सहित विभिन्न पंचायतों के स्थानीय लोग इस सड़क पर सफर करते हैं। इन लोगों को तीन माह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क जगह-जगह टूट चुकी है और हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। विधायक रणधीर शर्मा ने बताया कि यह सड़क बरसात के कारण खस्ताहाल हुई है। स्थानीय लोगों की बार-बार मांग के बावजूद इसकी हालत में सुधार नहीं किया गया है और किसी ने इसकी सुध नहीं ली। उन्होंने कहा कि यह सड़क बीबीएमबी के दायरे में आती है और बीबीएमबी शीघ्र इसे ठीक करे, ताकि स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।