जिला लघु उद्योग संघ ने उठाई आवाज, प्रेम डोगरा बोले- इससे उद्योग और रोजगार दोनों को मिलेगा बढ़ावा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सरकारी स्तर पर होने वाले खेल और अन्य बड़े आयोजनों के लिए खरीदी जाने वाली खेल सामग्री, ट्रैक सूट, मोमेंटो और अन्य आवश्यक सामान स्थानीय उद्योगों और फर्मों से खरीदने की मांग उठी है। जिला लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष प्रेम डोगरा ने कहा कि हिमाचल में कई लघु उद्योग और कारोबारी निर्धारित गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धी दरों पर यह सामान उपलब्ध करवाने में सक्षम हैं। इसके बावजूद कई बार सामान की खरीद प्रदेश से बाहर की फर्मों से की जाती है।
प्रेम डोगरा ने कहा कि सरकारी आयोजनों पर खर्च होने वाला पैसा यदि स्थानीय उद्योगों के माध्यम से प्रदेश में ही खर्च किया जाए तो इसका लाभ उद्योगों के साथ पूरी स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा। स्थानीय फर्मों को ऑर्डर मिलने से उत्पादन बढ़ेगा और कच्चे माल, परिवहन, पैकेजिंग समेत अन्य सेवाओं से जुड़े लोगों को भी काम मिलेगा।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योगों को लगातार ऑर्डर मिलने से रोजगार के अवसर भी मजबूत होंगे। उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों का रोजगार सुरक्षित रहने के साथ जरूरत पड़ने पर नए रोजगार भी पैदा हो सकते हैं। वहीं, सरकारी और बड़े आयोजनों के संभावित ऑर्डर बाहर की फर्मों को मिलने से स्थानीय उद्योगों के कारोबार और रोजगार पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
प्रेम डोगरा ने प्रदेश सरकार और संबंधित विभागों से आग्रह किया कि सरकारी खरीद प्रक्रिया में स्थानीय उद्योगों और फर्मों को पर्याप्त अवसर दिए जाएं। उन्होंने कहा कि लोकल फॉर वोकल और आत्मनिर्भर हिमाचल की सोच को सरकारी खरीद में भी व्यावहारिक रूप से लागू किया जाना चाहिए।