उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, सड़क खोलने की लगाई गुहार
-बोले, प्रधान सड़क खुलवाने के में असमर्थ
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपमंडल सदर के तहत नम्होल में पुखटी बस्ती को जाने वाली लिंक सड़क को एक महिला ने बंद कर दिया है। सड़क खुलवाने के लिए ग्रामीणों ने उपायुक्त बिलासपुर को ज्ञापन सौंपा।
उपायुक्त को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि 15 वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग ने गांव पुखटी के लिए लिंक सड़क का निर्माण किया था। यह सड़क 17 परिवारों के लिए बनाई गई है। ग्रामीणों ने भी इस सड़क बनाने में सहयोग दिया था। गांव की एक महिला बार-बार सड़क को बंद कर देती है। 5 जनवरी को लोग अपने घर का सामान खच्चरों पर ले जा रहे थे तो उक्त महिला ने फिर से सड़क को बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि पहले भी महिला ने इस रास्ते को बंद किया था। उस समय उपायुक्त के माध्यम से ही तहसीलदार नम्होल ने यह रास्ता खुलवाया था। पंचायत प्रधान को भी इस बारे में लिखित रूप में शिकायत दी है, लेकिन प्रधान भी सड़क को खुलवाने में असमर्थ हैं। इसके अलावा नम्होल चौकी में भी इसकी शिकायत दी जा चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बंद रहने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि मामले में हस्तक्षेप कर सड़क को खुलवाएं ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस मौके पर रामलाल, नरेश कुमार, राजेश कुमार, श्याम लाल, जगदीश कुमार, संजय सिंह, अंकुश, विकास, कमल कुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।