संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश(बिलासपुर)। लाडली फाउंडेशन, रेनबो स्टार क्लब और हेल्पिंग हैंड्स के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान से शिष्टाचार भेंट कर मंडी-भराड़ी फोरलेन पुल चौक पर 24 घंटे पुलिस कर्मियों की तैनाती की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में लिखित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि सदर बिलासपुर की ग्राम पंचायत नौणी के अंतर्गत स्थित मंडी-भराड़ी फोरलेन पुल चौक गोबिंद सागर झील के समीप होने के कारण पर्यटन की दृष्टि से तेजी से विकसित हो रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले पर्यटक इसी मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में यहां सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। बताया कि इस क्षेत्र में समय-समय पर सड़क दुर्घटनाओं, मारपीट और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं की सूचनाएं सामने आती रहती हैं।
वहीं रात के समय चंडीगढ़ सहित अन्य स्थानों से आने वाली महिलाओं और युवतियों को बस या अपने परिजनों का इंतजार करना पड़ता है, जिससे असुरक्षा की भावना बनी रहती है। संस्थाओं ने मांग की कि जनहित को देखते हुए मंडी-भराड़ी फोरलेन पुल चौक पर आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में सशस्त्र पुलिस कर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई जाए, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
इस दौरान लाडली फाउंडेशन की ओर से संचालित सामाजिक सरोकारों, नशा निवारण अभियान, ऑपरेशन मुक्ति सहित विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों की भी जानकारी दी।