डेढ़ दर्जन पंचायतों के हजारों लोगों को मिलेगा लाभ
मरीजों और विद्यार्थियों को होगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने सरकार और परिवहन विभाग से झंडूता से वाया बैहना ब्राह्मणा, बाला, ज्योरीपतन, डहाड़, नखलेहड़ा, दाड़ी बाड़ी, कोहिना, धराड़सानी, छत, मंडी भराड़ी पुल और नौणी होते हुए एम्स बिलासपुर तक एचआरटीसी की सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। क्षेत्र के डॉ. रमेश मिन्हास, प्रेम सिंह ठाकुर, रमेश चंदेल, मदन धीमान, दिनेश कपिल, सुभाष चंदेल, नीतीश कपिल, राकेश कुमार, प्रकाश चंद, देश राज, राज कुमार, राजेंद्र शर्मा सहित अन्य लोगों ने उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री से झंडूता एम्स बिलासपुर तक शीघ्र सरकारी बस सेवा शुरू करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर सरकारी बस चलने से करीब डेढ़ दर्जन ग्राम पंचायतों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। लोगों ने बताया कि झंडूता से समोह, विजयपुर और भगेड़ होते हुए जिला मुख्यालय तक सरकारी और निजी बस सेवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन बैहना ब्राह्मणा, बाला, ज्योरीपतन, डहाड़, नखलेहड़ा, दाड़ी बाड़ी, कोहिना, धराड़सानी और छत क्षेत्र के लोगों के लिए एम्स बिलासपुर तक कोई सीधी बस सेवा नहीं है। ऐसे में मरीजों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य यात्रियों को पहले झंडूता या बरोहा चौक तक निजी वाहन से पहुंचना पड़ता है, जिससे समय के साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ता है। लोगों का कहना है कि यदि इस मार्ग पर एचआरटीसी की नियमित बस सेवा शुरू की जाती है तो क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही यात्रियों की संख्या बढ़ने से परिवहन निगम की आय में भी इजाफा होगा।