बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश कनिष्ठ अभियंता संघ के प्रदेशाध्यक्ष ई. राजीव कुमार शर्मा ने सरकार से मांग की है कि डिप्लोमा होल्डर्स एसडीओ को एक्सईएन बनने के लिए 5 साल का समय तय किया जाए। ताकि एसडीओ सेवानिवृत्ति से पूर्व इसका लाभ उठा सकें। जल शक्ति विभाग में भी इसी प्रकार पदोन्नति होती है।
उन्होंने पांच कनिष्ठ अभियंताओं को पदोन्नत कर एसडीओ बनाने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रधान सचिव पीडब्ल्यूडी जगदीश शर्मा का आभार व्यक्त किया है। राजीव कुमार ने संघ की अन्य प्रस्तावित मांगों का जिक्र करते हुए बताया कि एसडीओ के रिक्त पदों को भी आरएंडपी रूल्स के तहत पदोन्नति से भरा जाए। उन्होंने कहा कि अभी कई मांगें विचाराधीन हैं और संघ सरकार से मिलने का समय मांग रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल को शीघ्र मिलने का समय दें। ताकि अभियंता वर्ग में फैल रहे असंतोष को रोका जा सके।