स्वारघाट (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित डीएलएड प्रवेश परीक्षा में अभ्यर्थियों के अभिभावकों ने न्यूनतम आयु सीमा में एक वर्ष की छूट प्रदान करने की मांग की है। वर्तमान में बोर्ड की ओर से डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए न्यूनतम आयु सीमा 17 वर्ष तय की गई है। अभिभावकों ने आयु सीमा को एक वर्ष घटाकर 16 वर्ष करने की मांग की है।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए 5 से 25 जून तक ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। यह परीक्षा 18 जुलाई को आयोजित की जाएगी। अभिभावकों राजकुमार गोयल, अमर चंद, रचना देवी, सुमन कुमारी, निर्मला कुमारी, राकेश कुमार, सीता देवी आदि ने बताया कि पहले ही कोरोना महामारी के चलते बच्चों का काफी समय बिना पढ़ाई के बर्बाद हो चुका है और अब डीएलएड प्रवेश परीक्षा में 17 साल की न्यूनतम आयु सीमा की शर्त बच्चों के भविष्य के आड़े आ रही है। अभिभावकों ने बताया कि अधिकतर स्कूली बच्चे 16 वर्ष की आयु में जमा दो की परीक्षा पास कर लेते हैं। बच्चे डीएलडी में प्रवेश लेना चाहते हैं लेकिन बोर्ड ने प्रवेश परीक्षा के लिए न्यूनतम आयु सीमा 17 वर्ष तय कर रखी है। इस कारण प्रवेश परीक्षा देने के लिए बच्चो को एक साल अतिरिक्त इंतजार करना पड़ेगा।
अभिभावकों ने प्रदेश सरकार और शिक्षा मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर से डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए न्यूनतम आयु सीमा 17 वर्ष से घटाकर 16 वर्ष करने की मांग की है। ताकि बच्चों का एक साल बर्बाद होने से बच सके। शिक्षा मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर ने कहा कि डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए न्यूनतम आयु सीमा में छूट प्रदान करने के बारे में जल्द ही विचार किया जाएगा।