समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने की बैठक, किया मंथन
बैहल में सुबह 9:00 बजे बस पहुंचाने की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ग्राम पंचायत बैहल के लोगों ने बैठक की , जिसमें हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवा के समय में बदलाव की मांग उठाई। यह बस श्री नयना देवी जी से किरतपुर साहिब बाया लखाला, बैहल होकर गुजरती है और बैहल में लगभग सुबह 9:30 बजे पहुंचती है।
बैठक में लोगों ने बताया कि बस के देरी से पहुंचने के कारण लखाला और खेरिया की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बैहल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भारी परेशानी हो रही है। पाठशाला का समय सुबह 9:00 बजे है, जबकि बस की देरी से पहुंचने के कारण विद्यार्थी समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं। बैठक में शामिल लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, परिवहन विभागसे अनुरोध किया कि इस बस का समय बदलकर बैहल में सुबह 9:00 बजे पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। इससे विद्यार्थियों को समय पर स्कूल पहुंचने में सुविधा होगी और उनकी समस्याओं का समाधान होगा।
बैठक में सेवानिवृत्त शिक्षक व समाजसेवी रमेश शर्मा, बीडीसी सदस्य राम कुमार शर्मा, जोगिंदर पाल शर्मा, रामपाल चौधरी, भजन ठाकुर, बुद्धि सिंह, मदन लाल, राजेंद्र और रोशन लाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस मामले में परिवहन निगम बिलासपुर के आरएम विवेक लखनपाल ने कहा कि इस विषय को सरकार के समक्ष रखा जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी। बैहल और आसपास के ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि उनकी यह मांग जल्द पूरी होगी और बच्चों की समस्या का समाधान होगा।