बिलासपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता आशीष ठाकुर की अगुवाई में बुधवार को एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधीश राजेश्वर गोयल से मिला। प्रतिनिधिमंडल में कुहमझवाड़ पंचायत के प्रधान जगदीश ठाकुर और उपप्रधान धर्म सिंह ठाकुर भी विशेष रूप से शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने हंसराज की मौत मामले में जिलाधीश के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि 10 मई को स्वारघाट क्वारंटीन सेंटर में कुहमझवाड़ पंचायत के लेंगड़ी गांव के युवक हंसराज की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री ने मामले की मिजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए थे। एडीएम बिलासपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया था। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को आदेश जारी किए थे कि उक्त मामले की जांच 5 दिन में पूरी की जाए। लेकिन एक महीने का समय बीत जाने के बावजूद जांच को सार्वजनिक नहीं किया गया है। आशीष ठाकुर ने कहा कि पीड़ित परिवार को आज तक युवक की मौत का मृत्यु प्रमाण पत्र तक जारी नहीं किया गया है। उन्होंने राज्यपाल से इस मामले में सरकार और प्रशासन को ठोस कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की। उन्होंने कहा कि 15 दिनों में उक्त मामले की जांच को पूर्ण कर सार्वजनिक नहीं की गई तो क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस मौके पर मृतक के दादा गजन राम, भाई देश राज, वार्ड सदस्य सलोचना देवी, मुंसी राम, बृज लाल, बाबू राम व कमल किशोर भी साथ रहे।