बिलासपुर। दिल्ली और पंजाब में कर्फ्यू और लॉकडाउन का बिलासपुर की सब्जी मंडी पर असर देखने को नहीं मिल रहा है। बिलासपुर सब्जी मंडी में पंजाब, दिल्ली, सुंदरनगर और पटियाला से सब्जी की सप्लाई आती है। लेकिन आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई पर दोनों राज्यों में कोई रोक नहीं है। इससे जिला में समय से सप्लाई पहुंच रही है और इसका सब्जियों के दाम पर भी कोई असर नहीं पड़ रहा है।
दिल्ली और पंजाब में लॉकडाउन और कर्फ्यू लगाया गया है। सब्जी मंडी में हरा मटर 70, गोभी 30, पत्ता गोभी 20, कद़दू 25, घीया 25, भिंडी 50, खीरा 25, बैंगन 20 और टमाटर 30 रूपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि लंबे समय से सब्जियों के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। सामान्य दरों पर ही लोगों को सब्जी दी जा रही है।
बिलासपुर सब्जी मंडी के सब्जी विक्रेता गोलू का कहना है कि मंडी में सब्जी की सप्लाई समय से पहुंच रही है। वहीं, लॉकडाउन और कर्फ्यू का अभी फिलहाल कोई भी फर्क सब्जियों के दाम पर नहीं है।
वहीं, कश्मीर चौधरी ने बताया कि दिल्ली से आलू और प्याज की सप्लाई आती है। जबकि अन्य सब्जियों की सप्लाई सुंदरनगर, पटियाला, पंजाब से आती हैं। लेकिन अभी तक इस सप्लाई पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।
संतराम ने बताया कि सब्जियों के दाम सामान्य है। सिर्फ मटर के दाम 70 रुपये प्रति किलो है। इसके अलावा हर सब्जी सामान्य दाम पर मिल रही है। इसमें कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है।
इनसेट
ग्राहकों में आएगी 40 फीसदी गिरावट
सब्जी विक्रेता करतार का कहना है कि कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण दुकानों में 20 फीसदी कम सब्जी लाई जा रही है। वहीं, अब हफ्ते में दो दिन बाजार बंद होने से यह आंकड़ा 40 फीसदी हो जाएगा। कहा कि अधिकतर गांव के लोग मार्केट से सब्जी खरीदते हैं। लेकिन अब दो दिन बाजार बंद होने से आवाजाही कम होगी और सब्जी कम लगेगी। जिससे सब्जी विक्रेताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।