कलोल स्कूल में आयोजित लाइफ स्किल्स कार्यशाला में उपस्थित विद्यार्थी व अन्य। स्रोत: स्कूल प्रबंध
-कलोल पाठशाला में एक दिवसीय लाइफ स्किल्स कार्यशाला का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर/झंडूता। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलोल में एक दिवसीय लाइफ स्किल्स कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षाविद एवं लाइफ स्किल्स एक्सपर्ट सुमन प्रजापति मुख्य वक्ता के रूप में रहे।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि 21वीं सदी में केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि निर्णय क्षमता, आत्मविश्वास, संवाद कौशल, भावनात्मक संतुलन और नेतृत्व गुण ही बच्चों को वैश्विक नागरिक बनाते हैं। लाइफ स्किल्स ही वह आधार हैं, जिसके कारण सफल जीवन और सशक्त समाज का निर्माण होता है। उन्होंने आत्म-प्रबंधन, प्रभावी संचार, समस्या समाधान, डिजिटल जागरूकता और नैतिक मूल्यों जैसे जीवन कौशल पर व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। प्रधानाचार्य देशराज पुंडीर ने मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका मार्गदर्शन बच्चों के भविष्य को नई दिशा देता है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह की शैक्षणिक एवं प्रेरक गतिविधियां आयोजित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल परीक्षा तक सीमित न रखकर उन्हें वैश्विक मंच के लिए तैयार करना है। ताकि बच्चे जीवन की चुनौतियों का सामना बेहतर ढंग से कर पाएं। यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणा स्रोत साबित हुई, जिससे उन्हें उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम बढ़ाने का मार्ग दिखाया।