रामपुर। नगर की तहसील स्थित एक कैंटीन में काम करने वाले युवक अक्षय का क्षत विक्षित शव उत्तराखंड के किच्छा थाना क्षेत्र में मिला है। परिजनों ने किच्छा थाने पहुंचकर कपड़ों के आधार पर शिनाख्त कर ली है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञात हो कि 22 सितंबर को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुबारकपुर निवासी चंदू ने कोतवाली में दर्ज कराई गुमशुदगी में कहा था कि उसका पुत्र अक्षय कुमार 18 वर्ष नगर की तहसील स्थित कैंटीन में मजदूरी करता था। 21 सितंबर की शाम करीब पांच बजे के बाद वह कैंटीन का काम निपटाने के बाद अपने घर को लौट रहा था। नगर में भाखड़ा डैम तक तो लोगों ने उसे पैदल घर की तरफ जाते हुए देखा था। मगर, वह रात तक घर नहीं पहुंचा तो उन्होंने उसकी खोज शुरू की, मगर वह कहीं नहीं मिल सका था। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करके तहकीकात शुरू कर दी थी। कोतवाली प्रभारी माधो सिंह बिष्ट ने बताया कि उत्तराखंड प्रदेश के जिला ऊधमसिंह नगर के थाना किच्छा पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि सात अक्तूबर को उन्होंने बरेली हल्द्वानी हाईवे बाईपास के पास एक पापुलर के खेत से एक युवक का सड़ा गला शव बरामद किया है, जिसे उन्होंने पीएम को भेज दिया है। सूचना पर बुधवार की दोपहर अक्षय के परिजन किच्छा कोतवाली पहुंचे और कपड़ों, मोबाइल फोन, चप्पल आदि के आधार पर मृतक की शिनाख्त अक्षय के रुप में की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मृत्यु का कारण पता चल सकेगा।