क्रिकेट ग्राउंड में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया जाएगा संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर में 25 साल बाद रणजी ट्रॉफी क्रिकेट मुकाबले का रोमांच देखने को मिलेगा। लुहणू क्रिकेट ग्राउंड में 18 से 21 अक्तूबर तक हिमाचल प्रदेश और मुंबई की टीमें आमने-सामने होंगी। मुकाबले के आयोजन को लेकर हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को उपायुक्त राहुल कुमार ने मैदान में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आयोजन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।
वर्ष 2001 के बाद बिलासपुर में रणजी ट्रॉफी मुकाबला आयोजित हो रहा है। उपायुक्त ने इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि इससे बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय खेल प्रेमियों को उच्च स्तर के क्रिकेट का रोमांच देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने जिले के लोगों से अधिक संख्या में लुहणू क्रिकेट ग्राउंड पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का मौका देते हैं। मैच के दौरान से नो टू ड्रग्स का संदेश देकर युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि इस आयोजन से जिले में खेल गतिविधियों के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता सहित एचपीसीए के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। हिमाचल और मुंबई के बीच मुकाबला प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।