-संपर्क मार्ग से आने वाले वाहनों को नहीं दिखाई देते मुख्य सड़क के वाहन
सड़क के सामने उत्तल दर्पण लगाने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की दधोल-लदरौर सड़क पर भटेड़ पुल के समीप हादसों का खतरा बना हुआ है। पुल के एक छोर के समीप लड़ा कस्बे की तरफ से सड़क मुख्य सड़क पर मिलती है। यहां पर जैसे ही कोई वाहन लड़ा की तरफ से निकलता है, उस वाहन चालक को मुख्य सड़क पर गुजरने वाले वाहन दिखाई नहीं देते हैं। ऐसे में हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने इस जगह पर सुरक्षा की दृष्टि से पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
लोगों के मुताबिक भटेड़ पुल के समीप दोनों तरफ उतराई है। सड़क की चौड़ाई बेहतर कर दी गई है। इसके चलते इस मुख्य सड़क पर गुजरने वाले वाहनों की स्पीड ज्यादा होती है। इस तरह जैसे ही लड़ा कस्बे की तरफ से कोई वाहन निकलता है तो वह वाहन न मुख्य सड़क से गुजरने वाले चालकों को दिखाई देता है और न ही लड़ा की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को मुख्य सड़क पर गुजरने वाले वाहन दिखाई देते हैं। लोगों के मुताबिक कई वार यहां हादसे होने से बच गए हैं। लड़ा कस्बे की तरफ स्थानीय लोगों के वाहनों का आवागमन होता रहता है। स्थानीय लोग ज्यादातर दोपहिया वाहनों या कारों को लेकर रोजमर्रा के सामान लेने आते-जाते रहते हैं। ऐसे में विजिबिल्टी न होने के कारण दोपहिया वाहन चालक कई बार चोटिल हो चुके हैं। लोगों के मुताबिक इस जगह पर व्यवस्था ऐसी की जाए कि लड़ा की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को मुख्य सड़क पर गुजरने वाले वाहन दिखाई दे सकें और मुख्य सड़क से गुजरने वाले वाहनों को भी लिंक सड़क से आने वाले वाहनों का पता चल सके। इससे हादसों से बचा जा सके। लोगों के मुताबिक सड़क के सामने यदि उत्तल दर्पण लगा दिया जाए तो भी यहां पर हादसों से बचा जा सकेगा।