नगर परिषद मैदान में पूजा-अर्चना कर किया ध्वजारोहण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। श्री नवदुर्गा संकीर्तन मंडल की ओर से डियारा सेक्टर में शनिवार को 25वें विशाल भगवती जागरण का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार को जागरण मैदान में पूजा-अर्चना कर ध्वजारोहण किया गया। संकीर्तन मंडल के प्रधान अजय चंदेल सहित अन्य सदस्यों ने इसमें भाग लिया। प्रधान अजय चंदेल ने बताया कि भगवती जागरण का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर परिषद बिलासपुर के प्रांगण में आयोजित होने वाले इस भक्तिमय समागम की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जागरण में 9 शक्तिपीठों से मां की पावन ज्योतियां जागरण स्थल तक लाई जाएंगी। शनिवार शाम को करीब 4:00 बजे सभी ज्योतियां नगर की परिक्रमा करते हुए श्री विश्वकर्मा मंदिर में कुछ देर के ठहराव के लिए रखी जाएंगी। ठीक शाम 7:00 बजे आयोजन स्थल पर इन ज्योतियों को विधिवत रूप से स्थापित कर दिया जाएगा। जागरण में दिल्ली से जानी सूफी, जालंधर से एसले और हिमाचल से डोली राणा व निशा शर्मा प्रस्तुति देंगे। इस मौके पर महासचिव रविंद्र किशोर, कोषाध्यक्ष रितेश मेहता, अनिल हैप्पी, मदन राणा, संजीव जोशी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।