गेहड़वीं से मंदिर तक संकरा रास्ता बना परेशानी, वन-वे और पार्किंग व्यवस्था की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। श्री गुग्गा जाहर वीर मंदिर गेहड़वीं में चल रहे आठ दिवसीय मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से मंदिर मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। गेहड़वीं से मंदिर तक जाने वाला रास्ता कई जगह संकरा होने के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मेले के दौरान बाहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु निजी वाहनों से मंदिर पहुंच रहे हैं। वाहनों की संख्या बढ़ने से संकरे मार्ग पर यातायात का दबाव भी बढ़ गया है। सड़क के कई हिस्सों में आमने-सामने से आने वाले दो वाहनों को पास देने तक की जगह नहीं है। ऐसे में एक वाहन के रुकते ही पीछे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। जाम के कारण पैदल मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो रही है। सड़क के किनारे पर्याप्त जगह नहीं होने से लोगों को वाहनों के बीच से संभलकर गुजरना पड़ रहा है। कई बार जाम खुलने में काफी समय लग जाता है, जिससे श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले के दौरान यातायात का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में मेले के शेष दिनों में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस और होमगार्ड जवानों की तैनाती जरूरी है। लोगों ने प्रशासन से मेले के दौरान मार्ग पर एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू करने और वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित करने की मांग की है। इससे सड़क पर वाहनों की भीड़ कम होने के साथ श्रद्धालुओं को जाम से राहत मिल सकती है।
स्थानीय लोगों ने भविष्य में गेहड़वीं से गुग्गा मंदिर तक जाने वाले मार्ग को चौड़ा करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि सड़क चौड़ी होने से मेले के साथ सामान्य दिनों में भी लोगों को यातायात की समस्या से राहत मिलेगी।