घुमारवीं थाना के मसवाड़ गांव में एक युवक को उसके चाचा ने टोपीदार बंदूक से गोली मारकर घायल कर दिया। हालांकि गोली युवक की बाजू में लगी। पुलिस ने आरोपी चाचा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। युव को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार राजेश कुमार पुत्र सुंदर सिंह (29) निवासी मसवाड़ ने पुलिस को दिए हुए बयान में बताया है कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह अपना काम समाप्त कर बाइक से घर पहुंचा। यहां हमेशा की तरह उसने अपनी बाइक चाचा ब्रह्मानंद के घर के आंगन में खड़ा कर किया।
उसी समय चाचा परमानंद ने उसे घर के भीतर बुलाया और शराब की बोतल लाने के लिए ठेके जाने को कहा। घायल राजेश ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई रामलाल के साथ चाचा के लिए शराब लाने गया। इसके बाद तीनों ने ब्रह्मानंद के कमरे में बैठकर शराब पी।
इसी बीच चाचा ने राजेश से उधार दिए पैसे वापस मांगे, तो राजेश कुमार ने कहा कि उसने कोई पैसा नहीं लिया है। उसने पैसे चाची से लिए हैं, इसलिए वह पैसों का हिसाब भी उन्हीं के साथ करेगा। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।
इसके बाद उसके चचेरे भाई रामलाल ने बीच बचाव कर दोनों को शांत करवा अपने-अपने घर भेज दिया। मगर इसी बीच उसके चाचा ब्रह्मानंद ने शराब के नशे और गुस्से में आकर लाइसेंसशुदा टोपीदार बंदूक से फायर कर दिया। इससे बंदूक से निकले छर्रे राजेश की बाईं बाजू में लगे।
बाजू में छररें लगने से उसे गंभीर चोट आई है। इसके बाद वह भागकर अपने घर चला गया और उसने अपनी पत्नी अंजना कुमारी को सारी बात बताई। इसके बाद वह अपनी बाइक में बैठकर कुठेड़ा आ गया। यहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घुमारवीं रेफर कर दिया।
घटना का पता चलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक के बयान दर्ज कर इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है। घुमारवीं अस्पताल से राजेश को पहले जिला अस्पताल और फिर आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। एसपी बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया की मामला दर्ज करके गोली चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को कल न्यायालय में पेश किया जाएगा।