पुलिस थाना घुमारवीं के अंतर्गत मोरसिंघी में 2 मार्च की रात हुई मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी मूल रूप से नेपाल के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों ने चोरी के सभी सात मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं। आरोपियों को सोमवार को अदालत के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 3 मार्च को रवि कुमार निवासी नसवाल ने पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह मोर सिंघी में मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता है। रात को चोरों ने उसकी दुकान का ताला तोड़कर 7 मोबाइल चुरा लिए।
पुलिस ने इस बारे में आपराधिक मामला दर्ज करके छानबीन शुरू की। इसके बाद पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों विष्णु बहादुर पुत्र पोरे बहादुर, करण बहादुर पुत्र नर बहादुर और उपेंद्र बहादुर पुत्र सतल बहादुर निवासी नेपाल को गिरफ्तार कर लिया। ये तीनों आरोपी मजदूरी का काम करते हैं और गांव सोई में पुलिया का काम कर रहे थे।
पुलिस ने इनके रहने वाले स्थानों पर दबिश दी तो वहां से चोरी के 7 मोबाइल बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने सोमवार तीनों आरोपियों को अतिरिक्त न्यायिक दंडाधिकारी अनिल शर्मा की अदालत में पेश किया अदालत ने तीनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।