घुमारवीं थाना के तहत शिव मंदिर पन्याला में चोरों ने दानपात्र तोड़ कर हजारों रुपये के चढ़ावे पर हाथ साफ कर लिया है। हालांकि चोरी की सारी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकार्ड हो गई है।
इससे पुलिस जल्द ही चोरों को पकड़ने में मदद मिलेगी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर इस संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
घुमारवीं से 10 किलोमीटर दूर मंदिर में चोरों ने देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर शिव मंदिर के पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर मंदिर के भीतर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने मंदिर के भीतर रखे एक दानपात्र को तोड़ा। हालांकि इस दौरान मंदिर का पुजारी और मंदिर की देखरेख के लिए तैनात शख्स भी मंदिर में ही था।
मगर उन्हें चोरों की जरा सी भी आहट नहीं हुई। मंदिर पुजारी धर्मवीर ने बताया कि रात जैसे ही दो बजे उनकी आंख खुली तो उन्होंने मंदिर के गेट का ताला टूटा हुआ देखा। इसके साथ ही मंदिर का दरवाजा भी खुला हुआ था। भीतर जाकर देखा तो मंदिर के दानपात्र का ताला टूटा हुआ था। पुजारी ने देेर रात ही पुलिस को घटना की सूचना दे दी।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर जरूरी साक्ष्य अपने कब्जे में ले लिए। अब पुलिस फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है। पुलिस को उम्मीद है कि चोरों के पकड़ने से क्षेत्र के अन्य मंदिरों सहित अन्य चोरी की वारदातों की गुत्थी भी सुलझ सकती है। जिला में चोरियों का सिलसिला बढ़ता जा रहा है।
हालत यह है कि चोरों ने पुलिस की नाक में दम कर रखा है। इससे पहले बिलासपुर शहर के बीचोंबीच चोर साइबर कैफे का का ताला तोड़ लाखों के मोबाइल फोन चोरी कर ले गए थे। हालांकि चोरों को नादौन में पुलिस ने पकड़ लिया था। मगर जिला में अभी भी कई मंदिरों और घरों में होने वाली लाखों की चोरियां अनसुलझी ही है।
डीएसपी घुमारवीं राजेश कुमार ने बताया कि पन्याला में मंदिर से चोरी होने का मामला सामने आया है। प्राथमिक सूचना में दानपात्र से 20 हजार का चढ़ावा चोरी की सूचना है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।