चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर शनिवार को कल्लर के समीप एक ट्रक और कार में जोरदार टक्कर हो गई। इसमें आगरा से मनाली घूमने जा रहे पांच पर्यटक घायल हो गए। लोगों ने हादसे की सूचना 108 एंबुलेंस को दी। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को समीप के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को चिकित्सकों ने घर भेज दिया है। आपसी सहमति से मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा। लेकिन, इस सड़क दुर्घटना के कारण कुछ देर तक एनएच पर जाम लग गया। इससे पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर शनिवार दोपहर को कल्लर के समीप एक कार तथा ट्रक में भिड़ंत हो गई। इससे कार में सवार आगरा निवासी राहुल कश्यप (26), गौरव पालीवाल (28), सचिन (30), वैभव शर्मा (27) व रामगोपाल (29) घायल हो गए।
युवक अपनी कार में मनाली घूमने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार कल्लर के पास पहुंची, तो सामने से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे कार में सवार सभी लोग घायल हो गए। इस घटना में कार भी क्षतिग्रस्त हुई है। दोनों पक्षों में आपसी सहमति बनने से मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा।