तलाई पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत शादी से लौट रहे पिता और पुत्र की पिटाई करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस में दी अपनी शिकायत में ग्राम पंचायत घराण के गांव मझेड़ निवासी सुरजीत कुमार ने बताया कि वह अपने पिता रामदयाल के साथ शादी समारोह मे शामिल होने के लिए गांव पीरथान गए थे। इसके बाद रविवार देर शाम वह वापस अपने घर जा रहे थे, तो रास्ते में परिथान निवासी अवतार सिंह और अजय कुमार उन्हें मिले।
उन दोनों ने बातों-बातों में ही उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने उन्हें समझाने की कोशिश। मगर दोनों नहीं माने और उनके साथ मारपीट कर डाली। इस मारपीट में पिता-पुत्र दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।
इसके साथ ही आरोपियों ने इन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 341,323,506 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जबकि मारपीट में घायल पिता और बेटे का मेडिकल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता में करवाकर जांच शुरू कर दी है।
घुमारवीं के डीएसपी अंजनी जस्वाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने साफ किया कि दोषी जो भी होगा बख्शा नहीं जाएगा।