चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर दो गाड़ियों की टक्कर से लगा जाम
दो घंटे तक थमे रहे वाहनों के पहिये, सैलानी हुए परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
जामली (बिलासपुर)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर जामली के पास दो गाड़ियों के बीच टक्कर हो जाने से हाईवे पर लंबा जाम लग गया। इससे बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया। आपसी समझौता हो जाने से मामला पुलिस के पास नहीं पहुंचा।
जानकारी के अनुसार बारिश के कारण ब्रेक न लगने से दो ट्रक आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों ट्रक बीच हाईवे में ही खड़े हो गए। इससे हाईवे के दोनों और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे तक हाईवे पर यातायात पूरी तरह से बाधित रहा। बाद में सदर थाना को मामले की सूचना दी गई। इसके बाद सदर थाना से पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले तो ट्रकों को हाईवे से हटाया। इसके बाद यातायात सुचारु कर दिया गया। दोनों और करीब तीन से चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया था। बाद में जाम को खुलवाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शाम तक यातायात पूर्ण रूप से बहाल हो गया था।