भोट। उधार दी हुई रकम मांगने और चेक बाउंस का नोटिस देने पर दो आरोपियों ने एक व्यक्ति को मारपीट कर घायल कर दिया और धमकाते हुए फरार हो गए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के पीपलगांव निवासी इकबाल हुसैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि करीब दो साल पहले उसने शहजादनगर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कदीम गांव निवासी फुरकत अली को पांच लाख रुपये उधार दिए थे। उधार दी हुई रकम कई बार मांगने पर भी वापस नहीं की और टालमटोल करता रहा। कुछ दिनों बाद उसे चेक दे दिया। चेक बाउंस होने पर उसने नोटिस भेजा तो आरोपी रंजिश रखने लगा। आरोप है कि 12 नवंबर 2017 की दोपहर तीन बजे आरोपी और उसके भाई ने पत्थरखेड़ा गांव के पास तमंचे के बल पर धमकाते हुए रोककरगालीगलौज और मारपीट करने लगे। चीख पुकार पर ग्रामीणों को मौके की ओर आता देख आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं करने पर इकबाल हुसैन ने कोर्ट की शरण ली थी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।