अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। विधानसभा क्षेत्र झंडूता के तहत आने वाले गांव बैहनाजट्टा में तीन साल की मासूम की घर की छत से गिरकर मौत हो गई है। हालांकि परिजन मासूम को जिला अस्पताल भी लाए थे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार तीन साल की कामना पुत्री मदन लाल गांव बैहनाजट्टा तहसील झंडूता जिला बिलासपुर अपने घर की छत पर खेल रही थी। अचानक ही वह खेलते-खेलते छत के एक तरफ आ गई, जहां पर वह गिरकर जमीन पर आ गिरी। घटना का पता चलते ही परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले आए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मासूम की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। परिजनों को समझ नहीं आ रहा है कि यह हादसा कैसे हो गया। वहीं घटना का पता चलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।