स्वारघाट (बिलासपुर)।
स्वाहण पंचायत के गंधराल के गांव शिव मंदिर परिसर में पार्क की दो गाड़ियों से बुधवार रात तोड़-फोड़ की गई। स्वारघाट पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रेम लाल शर्मा और बग्गा राम शर्मा निवासी गंधराल ने बताया कि उनकी बाइक और ऑल्टो कार से शरारती तत्वों ने रात के समय तोड़-फोड़ कर दी गई है। स्वारघाट थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस थाना स्वारघाट को सौंपी शिकायत में प्रेमलाल शर्मा ने बताया कि बुधवार रात उसने प्लेटिना मोटर साइकिल शिव मंदिर के प्रांगण में खड़ा किया था। जब सुबह देखा तो उसके बाइक के दोनों मीटर, चारों इंडिकेटर, नंबर प्लेट, दोनों साइड ग्लास, एक्सीलेटर की तार, क्लच लीवर, प्लग को शरारती तत्व ने तोड़ दिया।
शर्मा ने बताया कि बीते शनिवार रात भी किसी ने उनकी बाइक को मंदिर के डंगे से नीचे किसी ने फेंक दिया था। अब बुधवार रात फिर से ऐसी घटना हुई है। अब थक-हार कर मामले की शिकायत स्वारघाट पुलिस थाने में की है। बाइक से तोड़फोड़ के कारण उसे करीब दस हजार का नुकसान हो गया है। वाहन मालिकों ने उनके वाहनों से तोड़फोड़ के लिए क्षेत्र के ही तीन युवकों पर शक जताया हैं।
इसके अलावा स्थानीय निवासी बग्गाराम शर्मा ने भी बताया है कि उसकी ऑल्टो से भी तोड़फोड़ की गई है। ऑल्टो मालिक ने बताया कि बुधवार रात उसने कार को शिव मंदिर गंधराल के प्रांगण में पार्क किया था। जब सुबह देखा तो होश उड़ गए। बग्गा राम शर्मा ने बताया कि ड्राइवर साइड की खिड़की का शीशा तोड़ दिया है। कार की छत पर भी पत्थरों से तोड़फोड़ की गई है। कार के परिचालक साइड के शीशों को भी पत्थरों से तोड़ने का प्रयास किया गया है। शिकायत मिलने के बाद स्वारघाट पुलिस थाना के एएसआई राजेंद्र कुमार ने दलबल सहित घटना स्थल पर जाकर साक्ष्य जुटाकर लोगों के बयान कलमबद्ध किए हैं।
उप-मंडल पुलिस अधिकारी श्री नयना देवी जी अनिल कुमार का कहना है कि उक्त घटना के संदर्भ में स्वारघाट थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 427 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है।