घुमारवीं (बिलासपुर)। पुलिस थाना घुमारवीं में एक युवती ने एक व्यक्ति के खिलाफ दुराचार करने की कोशिश करने का मामला दर्ज करवाया है। इस मामले का आरोपी पीड़िता का रिश्ते में जीजा लगता है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता उपमंडल झंडूता के एक गांव की रहने वाली है। पीड़िता अपने बहन के ससुराल एक कार्यक्रम में भाग लेने गई थी। 29 जनवरी को युवती जब अपने घर को रवाना होने लगी तब उसके जीजा ने कहा कि वह भी घुमारवीं की तरफ जा रहा है और उसे घुमारवीं में छोड़ देगा। पीड़िता गाड़ी में सवार हो गई। आरोपी ने घुमारवीं पहुंच कर एक होटल के बाहर गाड़ी को खड़ा कर दिया और पीड़िता को कहा कि इस होटल में भोजन कर लेते हैं। उसके बाद वह उसे बस अड्डा पर छोड़ देगा। आरोपी पीड़िता को होटल की निचली मंजिल में लेकर चला गया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लग पड़ा। आरोपी ने पीड़िता के साथ बलात्कार करने का प्रयास किया। पीड़ितों के साथ फोटो भी खींचे और उसे धमकाने लगा कि यदि उसने यह बात किसी को बताई तो वह इन फोटो को उसके परिवार के सदस्यों को दिखा देगा। घुमारवीं पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी घुमारवीं राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने युवती से दुराचार करने का प्रयास करने के आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे घुमारवीं कोर्ट में पेश किया गया। जहां से आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।