अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। बिलासपुर शहर के साथ नाले का नौण में संदिग्ध हालत में बैंक कर्मी का शव मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गोबिंद सागर झील के दूसरे किनारे से आने वाले लोगों ने देखा कि यहां पर एक व्यक्ति पड़ा हुआ है। काफी समय तक जब वहां पर कोई हलचल नहीं हुई तो उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। जबकि मौके पर से कुछ जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं।
शव की पहचान बृजलाल (56) पुत्र कृष्णु राम गांव बरोटा तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। जांच में पता चला है कि मृतक हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक त्रिफालघाट में कार्यरत था। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने नाले का नौण के पास संदिग्ध हालत में बैंक कर्मी का शव मिला है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।