अमर उजाला ब्यूरो
बरठीं (बिलासपुर)।
विकास खंड झंडूता की ग्राम पंचायत बल्हसीणा में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विकास खंड झंडूता की ग्राम पंचायत बल्हसीणा के गांव कथ्यून का पवन कुमार रात को सोने के लिए कमरे में गया था। मगर जब सुबह नहीं उठा तो अभिभावकों ने कमरे में पहुंचकर पड़ताल की, तो देखा कि युवक कमरे में रस्सी के बने फंदे में झूला हुआ है। यह देखकर परिवार के सदस्यों के होश फाख्ता हो गए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने इस बारे में परिवार के लोगों के अलावा अन्य लोगों के भी बयान दर्ज किए हैं। पवन कुमार शादीशुदा था और उसका एक साल का बेटा भी है। पवन के इस फैसले से जहां बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया तो वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। डीएसपी घुमारवीं राजेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि अभी तक युवक के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस बिंदु पर छानबीन कर रही है।