घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं में एक व्यक्ति ने अपने जानने वाले के घर से एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन चोरी कर बैंक खाते से 80 हजार रुपये उड़ा लिए। वहीं पीड़ित की शिकायत पर घुमारवीं पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। खबर की पुष्टि डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र जसवाल ने की है।
पुलिस को दिए बयान में प्यारे लाल पुत्र स्व. बेली राम निवासी आईपीएच कॉलोनी घुमारवीं ने बताया है कि ग्राम पंचायत लुहारवीं के गांव बरोटा के निवासी जितेंद्र चंदेल पुत्र विशन दास का उनके घर आना जाना लगा रहता था। 10 जून 2019 को दोपहर ढाई बजे के करीब में जब वह अपने मकान की दूसरी मंजिल में कमरे में गया तो टेबल पर से बेटे का मोबाइल और अपना एटीएम कार्ड गायब पाया।
जब छानबीन की गई तो पता चला कि जितेंद्र चंदेल यहां आया हुआ था। जिसके बाद जितेंद्र को फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। जिसके बाद पीड़ित बिलासपुर एसबीआई बैंक गया तो वहां पाया कि उसके बैंक खाते से 80,000 हजार रुपये गायब हैं। पीड़ित का दावा है कि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरा में जितेंद्र चंदेल को देखा गया है। वहीं पुलिस ने प्यारे लाल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र जसवाल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।