बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता की ग्राम पंचायत बड़गांव के गांव मरीणी में वीरवार को सांड ने एक व्यक्ति पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि मरीणी गांव के व्यक्ति को जख्मी करने के बाद सांड ने अब झरेड़ी गांव में आतंक मचा दिया है।
बीडीसी सदस्य चिरंजी लाल, उपप्रधान रमेश चंद, पंच नानक चंद सहित अन्य ग्रामीणों प्यार चंद, रमेश चंद, रंजीत सिंह, सुनील कुमार, राजकुमार, दिनेश कुमार, कमला देवी, सुनीता देवी व सीमा ने बताया कि सांड ने वीरवार को अपने खेत में काम कर रहे मरीणी गांव के 65 वर्षीय शंकर पर अचानक हमला कर दिया। उसे 36 टांके लगाए गए हैं और हालत नाजुक बनी हुई है। अभी तक प्रशासन की ओर से कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि सांड बड़ोल देवी मंदिर परिसर में डेरा जमाए बैठा रहता है। दिनभर गांव के लोगों के पीछे दौड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सांड को पकड़ा जाए अन्यथा मजबूरन ग्रामीणों को सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
पंचायत उपप्रधान रमेश चंद ने बताया कि पंचायत में प्रस्ताव पारित कर उक्त सांड को काबू करने के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय बरठीं को भेज दिया है। जल्दी ही सांड को काबू में कर लिया जाएगा।