अमर उजाला ब्यूरो
स्वारघाट (बिलासपुर)।
राष्ट्रीय उच्च मार्ग-205 चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर स्वारघाट के पास सरकारी बस की खड़ी जीप से टक्कर हो गई। इस टक्कर में जीप चालक घायल हो गया है। जबकि बस में सवार सभी 36 लोग पूरी तरह से सुरक्षित है। पुलिस ने पथ परिवहन निगम के चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार स्वारघाट बस अड्डा के पास शनिवार शाम करीब सवा चार बजे एचआरटीसी सुंदर नगर डिपो की बस जो मंडी से अंबाला जा रही थी। जैसे ही स्वारघाट के पास बस ने मोड़ काटा तो सामने सड़क पर खड़ी कोल्ड ड्रिंक्स से भरी जीप के साथ टकरा गई। इससे जीप पलट कर नीचे गिर गई। हादसे में जीप चालक को चोटें आई है। टक्कर मारने के बाद बस एक दम रुक गई। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हादसे में जीप चालक मनोज कुमार निवासी जबली बिलासपुर को चोटें आई हैं। साथ ही जीप में भरे हजारों रुपये के कोल्ड ड्रिंक्स भी बर्बाद हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वारघाट पहुंचाया गया। डीएसपी नयना देवी बलदेव शर्मा ने बताया कि पथ परिवहन निगम की बस चालक लेखराज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जारी है।